खागा। उमस भरी गर्मी के बीच कस्बे की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। बेहतर आपूर्ति के लिए किए गए इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। बढ़ती बिजली खपत, ओवरलोड और जर्जर लाइनों के चलते उपभोक्ताओं को बार-बार ट्रिपिंग, लो-वोल्टेज और लोकल फाॅल्ट की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
खागा टाउन उपकेंद्र के जीटी रोड, नई बाजार, विजयनगर, तहसील और हनुमान मंदिर फीडर से जुड़े उपभोक्ता सबसे अधिक प्रभावित हैं। नई बाजार फीडर की भूमिगत केबल में फाॅल्ट आने के बाद उसकी आपूर्ति जीटी रोड फीडर से जोड़ी गई है। अब करीब पांच हजार उपभोक्ताओं को इसी अस्थायी व्यवस्था से बिजली मिल रही है।
ओवरलोड से फीडरों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। धूमनगंज मोहल्ले में पुराने एबीसी केबल बार-बार खराब हो रहे हैं। वहीं हनुमान मंदिर क्षेत्र के गढ़ी मोहल्ले और कैनाल रोड टूटी पुलिया के पास अधिक भार के कारण एबीसी केबल नीचे तक लटक गए हैं। इससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
जनहितकारी इंटर कॉलेज के पास रखे ट्रांसफार्मर के ऊपर तारों का मकड़जाल भी व्यवस्था की बदहाली बयां कर रहा है। दो दिन पहले बंदरों के आपस में लड़ने के दौरान तार टकराने से 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
विजयनगर और तहसील फीडर भी एक ही भूमिगत केबल से संचालित हो रहे हैं। दोनों फीडरों से जुड़े करीब छह हजार उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या झेलनी पड़ रही है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि सबसे ज्यादा जरूरत के समय बिजली व्यवस्था जवाब दे रही है और निगम की वैकल्पिक व्यवस्था स्थायी समाधान साबित नहीं हो रही है।
अवर अभियंता अनूप कुमार ने बताया कि लोकल फाॅल्ट की सूचना मिलते ही कर्मचारियों को भेजकर उसे ठीक कराया जाता है। फीडरों की व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार काम कराया जा रहा है।