लोधीगंज। बेरुईहार पावर हाउस की 33 केवीए लाइन में बृहस्पतिवार शाम फॉल्ट होने से पावर हाउस से जुड़े बेरुईहार गांव, ज्वालागंज और अरबपुर समेत कई क्षेत्रों की बिजली करीब पांच घंटे तक ठप रही। इससे 20 हजार से अधिक की आबादी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाम करीब सात बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई जो रात 11 बजे के बाद बहाल हो सकी। इस दौरान गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली कटने के बाद उन्होंने अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी को कई बार फोन किया, लेकिन दोनों के मोबाइल बंद मिले।
उपखंड अधिकारी ने बताया कि बारिश के कारण पावर हाउस की 33 केवीए लाइन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके चलते पावर हाउस से जुड़े सभी क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे बाधित रही। तकनीकी टीम ने मरम्मत कार्य पूरा करने के बाद देर रात बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी। (संवाद)