फतेहपुर। औंग क्षेत्र के मकुआखेड़ा गांव में स्मार्ट मीटर रिचार्ज करने के बावजूद घरों में विद्युत सप्लाई चालू नहीं हो पा रही है। इससे उपभोक्ता परेशान नजर आ रहे हैं।
क्षेत्र निवासी नीरज यादव ने बताया कि उनके घर कुछ दिनों पहले स्मार्ट मीटर लगाया गया। रिचार्ज समाप्त होने पर सप्लाई बाधित हो गई और 400 रुपये व 500 रुपये का रिचार्ज कराने के बावजूद पिछले पांच दिन से बिजली बहाल नहीं हो सकी।
रिचार्ज के बाद भी प्रतिदिन बिल की राशि कट रही है। इससे परिवार गर्मी और मच्छरों से परेशान है। बच्चों को सोने में कठिनाई हो रही है। दुर्गागंज के अवर अभियंता अमित कुमार को शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। एसडीओ एसपी मिश्रा ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण सप्लाई बाधित हुई थी। फॉल्ट सही करवाकर जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।