बहुआ। उपकेंद्र के कस्बा फीडर की एलटी लाइन का जर्जर केबल स्पार्किंग होने के बाद टूट गिर गया। इससे चार दिन से चार मोहल्लों के 200 घरों में बिजली आपूर्ति ठप है। विद्युत निगम की उदासीनता से 96 घंटे बाद भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है।
उपकेंद्र बहुआ के कस्बा फीडर के बाजार में रखे 400 केवीए के ट्रांसफार्मर से कस्बे के गांधीनगर, जवाहरनगर, राजनगर और शांतिनगर में बिजली आपूर्ति होती है। रविवार रात 10 बजे शांतिनगर में बहुआ इंटर कॉलेज गेट के सामने एलटी लाइन का केबल स्पार्किंग होने से टूटकर गिर पड़ा। इससे वोल्टेज बढ़ गया और लोगों के घरों के इन्वर्टर, पंखे, कूलर, टुल्लू मोटर आदि जल गए। इसके बाद चारों मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली कर्मियों ने रविवार रात, सोमवार और मंगलवार को टूटे केबल को जोड़कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। कस्बे के पूती सिंह परिहार, बच्चा सिंह, गुड्डू त्रिपाठी, संजय सिंह, संदीप, महेंद्र कुमार, प्रभात कुमार, हरिओम, संतोष त्रिवेदी आदि ने आरोप लगाया कि चार दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने के बावजूद जेई केतकार सिंह उपकेंद्र नहीं पहुंचे।
एलटी लाइन का केबल जलने की सूचना मिली है। स्टोर से नया केबल की व्यवस्था कर जल्द पुराने को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।
- संदीप सिंह, एसडीओ चुरियानी, गाजीपुर।