आबूनगर उपकेंद्र के तीन फीडर की मशीनों में कैपेसीटर लगाने की वजह से छह घंटे बिजली बंद रही। इससे आठ मोहल्ले प्रभावित हुए।
देर शाम को जब बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों को राहत मिली। वहीं मुराइन टोला में 400 केवीए के ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट से आग लग गई और मोहल्ले की बिजली बंद हो गई।
उपकेंद्र के नउवाबाग, अस्ती, शादीपुर फीडर की मशीनों में कैपेसीटर लगाए गए हैं, इससे लो और हाई वोल्टेज से मशीनों में होने वाले फाल्ट से निजात मिलेगी। इसके लिए दोपहर 12 बजे से बिजली बंद कर दी गई।
शहर के शादीपुर, पटेल नगर, आईटीआई रोड, चित्रांश नगर, नई तहसील, वीआईपी रोड, विद्यार्थी चौराहा समेत कई मोहल्लो की बिजली बंद हो गई। शाम को छह बजे कैपरसीटर लगने के बाद आपूर्ति बहाल हुई। छह घंटे की बिजली कटौती से लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ा। मुराइन टोला उपकेंद्र के पास लगे 400 केवीए ट्रांसफार्मर में अचानक शार्ट शर्किट हुई और उपकेंद्र की हाईटेंशन लाइन की केबिल भी जलने लगी। उपकेंद्र कर्मियों ने बिजली बंद करके सबमर्सिबल से आग बुझाई। ट्रांसफार्मर खराब होने से मुराइन टोला मोहल्ले के 200 उपभोक्ताओं के घरों की बिजली बंद हो गई है। देर शाम बिजली आपूर्ति आ सकी।