कोल्ड स्टोर में आलू लोड करने के लिए खड़े ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
गरिमा कोल्ड स्टोर के मलबे में दबा आलू निकालने का काम बुधवार से चालू हो गया। जेसीबी से आलू निकालकर ट्रक में लोड करने का काम शाम तक चलता रहा। हालांकि काफी मात्रा में आलू बर्बाद होने की आशंका है। उधर, कोल्ड स्टोर प्रबंधन ने फतेहपुर के सुंदर कोल्ड स्टोर में आलू भंडारित कराने की बात कर ली है। प्रबंधन का कहना है कि अगर कोई किसान आलू खुद ले जाना चाहते हैं तो वह भाड़ा देने को तैयार हैं।
बता दें कि रविवार की शाम इस शीतगृह की इमारत भरभरा कर ढह गई थी। मंगलवार से बिल्डिंग के ढहे मलबे को साफ करने का काम शुरू हुआ था। बुधवार को भी यह चलता रहा। इसी के साथ मलबे में दबे आलू को बाहर कर उसे दूसरे कोल्ड स्टोर में रखवाने की जद्दोजहद जेसीबी के जरिए दिन भर चलती रही।
इसके लिए तीन ट्रकों मेें सुरक्षित आलू लोड किया जाता रहा। गरिमा कोल्ड स्टोर के मालिक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि 30 हजार पैकेट आलू अन्यत्र रखवाने की बात हो चुकी है। फिलहाल फतेहपुर के सुंदर कोल्ड स्टोर आलू भेजा जा रहा है। वैसे ज्यादातर बीज होने के कारण बड़े नुकसान की संभावना कम है। फिर भी किसान हित में जो भी संभव है, प्रयास किए जा रहे हैं। बकौल राघवेंद्र, यदि किसान खुद-ब-खुद आलू ले जाना चाहते हैं तो उन्हें उनकी ओर से भाड़ा दिया जाएगा।