फोटो-39-नवागत डाक अधीक्षक रमेश यादव। संवाद
फतेहपुर। मुख्य डाकघर में नए अधीक्षक रमेश यादव ने कार्यभार संभालने के बाद आधार कार्ड बनाने के नाम पर रिश्वत लेने का मामला सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की। डाकघर में तैनात लिपिक संजय कुमार और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एमटीएस नईम को निलंबित कर दिया है।
डाक अधीक्षक ने बताया कि एक महिला ने आधार कार्ड बनवाने के लिए 2,500 रुपये दिए जाने की शिकायत की थी। महिला का आरोप था कि उसने ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर किए हैं। इस पर उन्होंने महिला और लिपिक के साथ चतुर्थ श्रेणी कर्मी का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन चेक किए। दोनों कर्मचारियों के मोबाइल की जांच में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के साक्ष्य मिले। इस पर दोनों कर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि आधार कार्ड बनाने के नाम पर कोई शुल्क नहीं लगता लेकिन दोनों कर्मचारियों ने डाकघर की छवि धूमिल करते हुए वसूली की। अधीक्षक ने कहा कि मामले की विभागीय जांच भी की जा रही है। इस मामले में दोनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समस्या होने पर मुख्य डाकघर आएं
नवागत डाक अधीक्षक ने जनता से अपील करते हुए कहा कि जिले के किसी भी डाकघर से संबंधित शिकायत होने पर वह सीधे मुख्य अधीक्षक डाकघर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। ताकि समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।