बुधवार को हल्की बारिश से शहर में सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई है। जगह- जगह जलभराव और कीचड़ से लोगों को आवागमन में दिक्कत हुई। नगर के एक दर्जन इलाके में कीचड़ होने से लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा।
नियमित सफाई न होने से अवरुद्ध नालियां से सड़कों में बह रहा है। उधर बहुआ इलाके के दतौली गांव में जलभराव और गंदगी से घर- घर बीमारियों ने पैर पसार लिया है।
नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत मुराइन टोला इलाके में बारिश से कीचड़ हो गई। इसी प्रकार आबूनगर क्षेत्र में गंदगी से लोग परेशान हैं। जगह जगह अवरुद्ध नालियों से आवागमन प्रभावित हो रहा है। मोहल्ले के शमशाद अहमद, राजकुमार ने बताया कि सफाई कर्मी नियमित नहीं आते हैं, जिससे स्वयं सफाई करनी पड़ती है।
इसी प्रकार देवीगंज, गंगा नगर, अमरजई आदि इलाकों में गंदगी की समस्या गंभीर है। सफाई निरीक्षक आबिद अली ने बताया कि जिन इलाकों में जलभराव की समस्या आ रही हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जा रहा है। सभी सफाई नायकों को क्षेत्रों में नियमित पहुंचकर सफाई कराने के निर्देश दिए हैं।