खागा। मॉडल बार एसोसिएशन खागा के शपथ ग्रहण पर रोक लगा दी गई है। चुनाव परिणाम को लेकर हुई शिकायत पर बार कौंसिल प्रयागराज की ओर से गठित जांच समिति के अध्यक्ष ने यह फैसला सुनाया है।
चुनाव में अध्यक्ष पद पर अरुण यादव को विजयी घोषित किया गया था। एक वोट से इंदरेश पांडेय को हार का सामना करना पड़ा था। मतगणना के बाद इंद्रेश पांडेय की ओर से बार कौंसिल में इसकी शिकायत कर धांधली का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई थी। इस पर बार कौंसिल उत्तर प्रदेश ने जांच समिति गठित की थी। समिति अध्यक्ष अनुराग पांडेय ने खागा तहसील पहुंचकर चुनाव अधिकारियों व शिकायतकर्ता को आमने-सामने कर सवाल-जवाब किए थे। समिति अध्यक्ष ने अपने पत्र में लिखा कि चुनाव में धांधली हुई है।
एल्डर्स कमेटी नियमानुसार नहीं बनाई गई थी। उन्होंने 30 जुलाई तक एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष श्रीकृष्ण श्रीवास्तव को अपनी आख्या देने के लिए कहा था लेकिन वह नहीं दी गई। 31 जुलाई को जांच समिति अध्यक्ष ने एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष श्रीकृष्ण श्रीवास्तव की ओर से आख्या नहीं देने पर उन्हें पत्र लिखकर शपथ ग्रहण पर रोक लगा दी है। उन्होंने कहा कि बार कौंसिल उत्तर प्रदेश में यह मामला निस्तारित न होने तक शपथ ग्रहण नहीं होगा।