चौडगरा। चार सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू टिकैत गुट ने बुधवार पहरुवापुर माइनर के पास पांच घंटे धरना दिया। नहर में पानी छोड़े जाने की मांग जोरदारी से रखी। कृषि कानून को काला बताकर इसे रद्द करने की मांग की। सिल्ट सफाई को लेकर नहर विभाग पर निशाना साधा।
बिंदकी रोड पर पहरवापुर के पास भारतीय किसान यूनियन के जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में यह धरना प्रदर्शन हुआ। जिसमें महिला किसान भी शामिल हुईं। धरने में महरहा माइनर की सफाई कराने,नहर में पानी छोड़े जाने, किसानों के लिए बने कानून को रद्द करने,धान की खरीद करने की मांग को लेकर किसान नेता दहाड़ भरते रहे।
धरना प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस- प्रशासन मौजूद रहा। धरने में पहुंचे नहर विभाग अवर अभियंता विनोद कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि महरहा माइनर में सफाई 40 प्रतिशत हो चुकी है। शेष सफाई अधिकारियों से बात करके शुरू कराई जाएगी।