बिंदकी। भाकियू (राष्ट्रीयतावादी गुट) ने शुक्रवार को कृषि कानूनों के मुद्दे पर फिर हुुंकार भरी। ऐलान किया कि मौजूदा सरकार का व्यवहार किसान की समझ से परे हैं। ऐसे कानून मंजूर नहीं किए जाएंगे। भाजपा को यह बात भली भांति जान लेनी चाहिए। यह विरोध तब तक चलता रहेगा जब तक किसान की मांग पूरी नहीं हो जाती है।
नगर के गांधी चौराहे के समीप बाबा कुटी परिसर में किसान संगठन की बैठक हुई। बैठक में कृषि कानूनों के विरोध में हो रहे आंदोलन को और गति देने के लिए रूपरेखा तय की गई। तय किया गया कि 28 दिसंबर को बकेवर कस्बे में पंचायत की जाएगी, जिसमें कृषि कानून का विरोध करना प्रमुख मुद्दा रहेगा। इसके अलावा 4 जनवरी को अमौली ब्लॉक मुख्यालय में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें भी सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष रामसहाय पटेल ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ पूरे देश में आंदोलन चल रहा है। हमारा संगठन भी इसके विरोध में लगातार संघर्ष करता रहेगा। इस मौके पर राजू कुमार को तहसील प्रचार मंत्री का पद सौंपा गया। बैठक में गोरेलाल पासवान , मधुसूदन, जिला उपाध्यक्ष पुन्नू शुक्ला , जिला प्रवक्ता दिनेश शुक्ला, तहसील अध्यक्ष नवल सिंह पटेल, मुशीर हसन, छोटेलाल व राहुल कुमार आदि मौजूद रहे।