जहानाबाद। सपा के पूर्व विधायक मदन गोपाल वर्मा ने शुक्रवार को अलाव जलवाकर चौपाल लगाई। चौपाल में भाजपा सरकार पर कड़े प्रहार किए गए। सपाइयों ने कहा कि मौजूदा सरकार मनमानी पर उतारू है। किसान को मुसीबत में डालने वाली भाजपा ने देश की बड़ी जमात को नाराज किया है। इसका खामियाजा उसे भुगतना होगा।
कस्बे के काजी टोला मोहल्ला में लगाई गई चौपाल में पूर्व विधायक मदन गोपाल वर्मा ने कृषि कानूनों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि इन काले कानूनों से किसानों को उसकी उपज का सही मूल्य नहीं मिलेगा। बडे़ बडे उद्योगपति अपने मनमाफिक बाजार का भाव तय करेंगे। इसलिए आप सबका किसान आंदोलन का समर्थन जरूरी है। जब तक यह काला कानून वापस नहीं होता है सपा कार्यकर्ता किसान आंदोलन के समर्थन में लगातार चौपाल लगाकर विरोध करते रहेंगे। इस दौरान नगर अध्यक्ष वहीद कुरैशी के अलावा राजेंद्र निगम, अनुराग पटेल, दीपक वर्मा, उजमान, सईद कुरैशी व गनी पहलवान आदि मौजूद रहे।