बकेवर। घरेलू विवाद में महिला ने शनिवार दोपहर घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने कुंडी तोड़कर दरवाजा खोला, तो भीतर बल्ली में दुपट्टे के फंदे से युवती का शव लटका देख दंग रह गए। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि परिजन आत्महत्या का कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं।
दुबेपुर गांव निवासी उर्मिला देवी (32) का पति विष्णुकांत पाल गुजरात में नौकरी करता है। उर्मिला सास-ससुर से अलग कमरे में रहती थी। उर्मिला ने दोपहर करीब दो बजे कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली। कुछ देर बाद बच्चों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
बच्चों ने बाबा रमेश पाल और दादी कौशिल्या देवी को जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया। युवती के दो बेटे शेरजीत (11) और विश्वजीत (3) हैं। देवर अभिमन्यु ने तहरीर दी। थानाध्यक्ष गिरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद में महिला ने फांसी लगाई।