फतेहपुर। गोकशी की सूचना पर पुलिस हलाकान रही। झूठी सूचना देने के आरोप में एक युवक के खिलाफ पुलिस ने शनिवार को सरकारी कार्य में बाधा डालने की प्राथमिकी दर्ज की है।
शुक्रवार रात डायल 112 पर सदर कोतवाली क्षेत्र के गड़रियन पुरवा अस्ती इलाके में गोकशी की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पीआरवी के कांस्टेबल जितेंद्र कुमार ने सूचना देने वाले अशोक कुमार के मोबाइल पर कॉल किया लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया।
इसके बाद पुलिस ने इलाके और आसपास के जंगल में छानबीन की। कोतवाली पुलिस ने भी आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन गोकशी की सूचना झूठी निकली। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि झूठी सूचना देकर पुलिस को परेशान करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में अस्ती काॅलोनी निवासी अशोक कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।