खागा। युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि युवक फंदा लगाकर जान दी है, लेकिन पास पड़ोस के लोगों ने शव को उतारने के बाद सूचना दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की सही वजह पता चलेगी।
खागा कोतवाली क्षेत्र के सवत गांव निवासी सनी (24) गांव में चाट की ठिलिया लगाता था और घर में अकेले ही रहता था। सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को सूचना दी गई कि सनी का शव उसके कमरे में पड़ा है।
सनी की बहन रामा देवी पत्नी दुर्गेश निवासी नवाबगंज निजामुद्दीनपुर थाना हथगाम भी मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के लिए प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया।
चौकी इंचार्ज महिचा मंदिर प्रशांत कटियार ने बताया कि सुबह 11 बजे सनी का नजदीक में रहने वाले चचेरे भाईयों से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी।
प्रथम दृष्टया फांसी लगाकर खुदकुशी करने का मामला लग रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा।