लेनदेन के ठिकानों की सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस ने पड़ताल की। पुलिस की टीमों ने बैंक, डाकघर व एलआईसी पहुंचकर जायजा लिया। इस दौरान कई संदिग्ध लोग हत्थे चढ़े, इनमें से कुछ युवक भी शामिल थे, जिनके अभिभावकों को मौके पर बुलाया गया और आइंदा के लिए सचेत कर छोड़ दिया गया।
एसपी कलानिधि नैथानी ने तीनों कोतवाली प्रभारियों समेत सभी थानेदारों को यह जिम्मा सौंपा था। कप्तान के निर्देश पर पुलिस की टीमें अपने- अपने क्षेत्र के बैंक, डाकघर व एलआईसी पहुंची। पुलिस के चेकिंग दल ने लेनदेन के इन ठिकानों मेें लगी भीड़ के बीच पूछताछ की।
बातचीत में लड़खड़ाने वाले लोगों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई दी। खाताधारक के साथ आए अन्य लोगों को बैंक के बाहर इंतजार करने की हिदायत दी।
शहर पुलिस ने सरकारी व गैर सरकारी क्षेत्र की बैंकों व उनके एटीएम बूथ में लगी लाइन के बीच पहुंचकर अपनी पड़ताल पूरी की। बैंक के अंदर और बाहर बिना मकसद खड़े युवकों पर पुलिस का खास पहरा रहा, इन्हें अभिभावकों के समक्ष हिदायत देकर बिना वजह मजमा लगाने से बाज आने की हिदायत दी गई ।
एटीएम के अंदर एक साथ कई कई लोगों के मौजूद रहने पर गार्ड को निशाने पर लिया तो एटीएम धारकों को भी सुरक्षा के लिए सचेत किया।