मां नसरीना की गोद में मासूम अल्तमश। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
असोथर। मां के साथ सो रहे आठ माह के बच्चे को गांव के ही युवक ने अगवा कर लिया। पुलिस ने घटना के करीब 12 घंटे बाद आरोपी को पकड़कर बच्चे को मां के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना क्षेत्र के बेसड़ी गांव के छक्कन तिवारी के बाग को गाजीपुर थाने के पखरौली निवासी अब्दुल रहमान करीब 18 साल से किराए पर लिए हैं। करीब दो साल से अब्दुल रहमान की पुत्री नसरीन पति शकील राईन और बच्चों के साथ बाग में रहती है। शकील कानपुर सजेती थाना क्षेत्र के बीबीपुर का रहने वाला है। नसरीन ने बताया कि रविवार रात करीब डेढ़ बजे उसकी नींद खुली तो बगल में सो रहे आठ माह के बेटे अल्तमश को गायब देख उसके होश उड़ गए।
परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर गांव के रामकृपाल पासवान पर आशंका जताई। इस पर पुलिस ने रामकृपाल को पकड़ लिया। पूछताछ में राम कृपाल ने बताया कि उसने तारापुर गांव के एक घर में बच्चे को छोड़ा है। सोमवार को पुलिस तारापुर गांव पहुंची और बच्चे को लेकर पुलिस थाने आ गई। रामकृपाल के मुताबिक गांव की एक महिला के सिर्फ पांच बेटियां है।
उसी ने एक बच्चे की मांग की थी। जिसके बदले में उसे रुपये मिलते। पुलिस ने बच्चे को जिला बाल कल्याण समिति भेजा। जहां से मां नसरीन को बच्चे की सुपुर्दगी सौंपी गई। थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।
रामकृपाल के मुताबिक पांच बेटियों की मां को देने के लिए उसने जिला महिला अस्पताल से भी बच्चा चोरी का प्रयास किया था। बच्चा न मिलने पर उसने शकील के पुत्र को अगवा करने की योजना बनाई। बच्चे को वह बाइक पर पैरों के बीच दबाकर ले गया था।
आरोपी रामकृपाल पासवान बच्चे को छोड़कर करीब सुबह छह बजे गांव लौट आया था। उसके बाद सीधे बाग पहुंच गया था। जहां परिजनों के साथ ही गांव और जंगल में बच्चे की खोजबीन करता रहा। जिससे किसी को उस पर शक नहीं हो। उसने घटना में गांव के ही मनोज की बाइक इस्तेमाल की।