खागा। महिला ने गांव के युवक पर बच्चे को अगवा करने के प्रयास का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि युवक एक बाबा के साथ मिलकर बलि के लिए बच्चे को लेकर जा रहा था। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है।
अकिलपुर ऐराना गांव की रहने वाली कुसुमकली पत्नी भैरवदीन ने तहरीर देते हुए बताया कि 14 जून को सुबह आठ बजे उनका पुत्र प्रमोद कुमार (10) खेत के लिए निकला था। करीब 10 बजे गांव का एक व्यक्ति एक बाबा के साथ खेत पर पहुंचा और बेटे प्रमोद को बहला-फुसलाकर बाइक से अगवा कर ले गया। रास्ते में किसी तरह प्रमोद उनके चंगुल से छूटकर घर लौटा।
प्रमोद ने बताया कि अपहरणकर्ता उसे बलि देने के लिए ले जा रहे थे।
कुसुमकली का आरोप है कि वह उलाहना देने युवक के घर पहुंची, लेकिन वह गायब था। शनिवार शाम यह युवक अचानक उसके घर आ गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
इंस्पेक्टर जेपी शाही ने बताया कि प्रकरण पूरी तरह से संदिग्ध है और इसमें पुराने विवाद की जानकारी हुई है। जिस व्यक्ति पर आरोप है, उसकी तलाश हो रही है। आरोपी के मिलते ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।