जनसभा स्थल पर निरीक्षण करते मंडलायुक्त व डीआईजी।
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 19 फरवरी को मंडी समिति के बगल में मैदान में होने वाली चुनावी जनसभा में अव्यवस्था न होने पाए, इसको लेकर प्रशासन व भाजपाई दोनों सतर्क हैं। गुरुवार को मंडलायुक्त राजन शुक्ला और पुलिस उप महानिरीक्षक विजय यादव ने जनसभा स्थल पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। मंच से लेकर जनता के बैठने के स्थान व वाहनों के खड़ा करने के लिए पार्किंग स्थल की व्यवस्था को लेकर अफसरों ने रूपरेखा तैयार की।
पीएम नरेंद्र मोदी चुनावी जनसभा को संबोधित करने आ रहे हैं। मंडलायुक्त राजन शुक्ला, पुलिस उप महानिरीक्षक विजय यादव, जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे, पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह और एसपीजी के अधिकारी जनसभा स्थल पहुंचे। मंडलायुक्त और डीआईजी ने भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेई और अन्य पदाधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान अफसरों ने कहा कि हेलीकाप्टर स्थल पर प्रमुख लोगों को ही जाने दिया जाएगा।
इसके बाद जनसभा में मंच पर भीड़ नहीं होने दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि वीवीआईपी प्रोग्राम होने के चलते सुरक्षा की अभेद्य व्यवस्था होगी। विशिष्ठ अतिथियों की सुरक्षा के लिए जो गाइड लाइन है उसके हिसाब से पुख्ता इंतजामात किए जा रहे हैं। सभी आने जाने वालों पर निगरानी रखी जाएगी यदि कोई संदिग्ध नजर आएगा तो उससे पूछताछ भी जाएगी।