फतेहपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के करीब 10 हजार लाभार्थियों को दूसरी किस्त का इंतजार है। अब आवास बनवाने के लिए पैसों की कमी आड़े आ रही है। बड़े पैमाने पर लाभार्थियों के आवास आधे-अधूरे हैं और लाभार्थियों के खातों में निर्माण पूरा कराने के लिए एक भी पाई नहीं है। पूरी सर्दी लाभार्थियों ने किसी तरह काटी।
उम्मीद थी कि जल्द ही आवास की अगली किश्त मिल जाएगी लेकिन जनवरी और फरवरी दो महीने बीत गए और अभी तक पीएम आवास की दूसरी किश्त का दूर-दूर तक पता नहीं है। ये हालात तब हैं, जब जिले की सांसद साध्वी निरजंन ज्योति खुद केंद्रीय ग्राम्य विकास विभाग की राज्यमंत्री हैं। बावजूद इसके पीएम आवास के लाभार्थियों को आवास बनाने के लिए दूसरी किश्त का पैैसा नहीं मिल पा रहा है। ऐसे प्रकरणों की बानगी इस तरह से है...
विजयीपुर ब्लाक के रसौली गांव की सावित्री देवी बताती हैं कि दिसंबर में प्रधानमंत्री आवास की प्रथम किश्त के 40 हजार मिले थे। जो सिर्फ नींव भरवाने में ही खर्च हो गए। तबसे दूसरी किश्त नहीं मिली। निर्माण संबंधी सामग्री भी खुले में पड़े होने की वजह से बर्बाद हो रही है। उसका नुकसान भी खुद ही भरना होगा। कई बार पंचायत सचिव और बीडीओ कार्यालय से संपर्क किया लेकिन अभी तक धनराशि नहीं मिली।
परियोजना निदेशक, डीआरडीए अशोक कुमार निगम ने बताया कि दूसरी किश्त की डिमांड शासन को भेज दी गई है। केंद्र से जब तक इसका बजट नहीं मिल जाता, तब तक जनपद स्तर पर कुछ नहीं किया जा सकता। हमारी ओर से दूसरी किश्त की धनराशि लाने के लिए पूूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उच्चाधिकारियों से इस संबंध में वार्ता हुुई है, शीघ्र ही बजट मिलने की संभावना है।