फतेहपुर। रविवार की चिलचिलाती धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। पारा 42 डिग्री पर ही टिका रहा। उमस भरी गर्मी से राहगीर परेशान रहे। अस्पतालों में मरीज के साथ तीमारदार भी व्याकुल दिखाई दिए। घरों में लगे पंखे भी आग उगलते रहे। हैंडपंप व नलों की टोटियाें में राहगीर लाइन लगाकर प्यास बुझाते दिखाई दिए।
मई माह के पहले दिन गर्मी का प्रचंड रूप रहा। दोपहर में धूप के साथ मानों आग बरस रही हो। लू की थपेड़ों से राहगीर बेहाल दिखाई दिए। सुबह के दस बजे से शहर की प्रमुख बाजार और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
मजबूरी में घर से बाहर निकलने वाले लोग मुंह ढंके रहे, फिर भी लू और तेज धूप से जन-जीवन अस्त, व्यस्त रहा। सरकारी दफ्तर व कचहरी बंद होने से यहां तो सन्नाटा रहा, लेकिन बस स्टैंड में लोग धूप से परेशान दिखाई दिए। धूप से बचने के लिए आसपास की दुकानों में छांव ढूंढते नजर आए।