फूड प्वाइजनिंग से एक ही परिवार के दर्जन भर लोग बीमार हो गए। सभी को पीएचसी असोथर ले जाया गया। जहां से फर्स्ट एड के बाद सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बीमारों की तादाद देख कर 108 नंबर एंबुलेंस के चालक ने हाथ खड़े कर दिए। ग्रामीणों के हो हल्ला काटने के डेढ़ घंटे बाद दूसरी एंबुलेंस आने पर सभी को सदर अस्पताल लाया जा सका।
असोथर पीएचसी के बाबातारा गांव के राम सुमेर की गाय ने हाल में बछड़ा जन्म दिया है। मंगलवार व बुधवार के दूध से खोजरी(क्योसरी) बनाई गई। इसी खोजरी को खाने के बाद राम सुमेर व उनके परिवारीजनों की हालत बिगड़ने लगी। सुबह नौ बजे तक एक एक करके परिवार से राजा पुत्र शिव बोधन, राज पुत्र शिव बोधन, साजन पुत्र शिव बोधन, संगीता पत्नी शिव बोधन, अंशिका पुत्र राधे, साधना पुत्री शिव कुमार, विजय पुत्र सत्तू, नागेश पुत्र रामसुमेर, गुड्डन पुत्र अशोक, रवि पुत्र अशोक व कैलाश पुत्र सुंदर बीमार हो गए। एक साथ परिवार के दर्जन भर लोगों को 11 बजे उपचार के लिए पीएचसी ले जाया गया। सभी का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। दोपहर 12 बजे बुलाई गई 108 एंबुलेंस ने एक साथ इतने सारे मरीज देख करके उन्हें सदर अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। इसे लेकर जब ग्रामीणाें ने हो हल्ला मचाना शुरू किया तब जाकर पीएसी के स्टाफ ने एक और 108 एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। जिसके कारण मरीजों को दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया जा सका।