बहुआ में तिलक समारोह में हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद दो आरोपियों को पुलिस ने जेल भेजा है। पुलिस ने एक आरोपी से लाइसेंसी बंदूक और दूसरे से तमंचा बरामद किया है।
ललौली थानाक्षेत्र के दतौली गांव निवासी रमेश पासवान के घर में सोमवार को तिलक समारोह था। आयोजन में गांव के धर्मेंद्र सिंह उर्फ छोटू सिंह लाइसेंसी बंदूक लेकर शामिल होने पहुंचा था। बंदूक से हर्ष फायरिंग किए जाने का वीडियो किसी ने बना लिया। इसी दौरान गांव के ओमकार सिंह उर्फ ऐश्वर्य सिंह ने तमंचे से फायरिंग की। बंदूक और तमंचे से जवाबी हवा में फायरिंग हुई। फायरिंग का वीडियो मंगलवार सुबह वायरल हुआ।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने हर्ष फायरिंग, लाइसेंसी असलहे के दुरुपयोग की धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बंदूक बरामद की। उधर, आरोपी ओमकार से तमंचा बरामद किया। थानाध्यक्ष संदीप तिवारी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को जेल भेजा गया है।