फतेहपुर। जिले में मंगलवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद भी गर्मी से परेशान लोगों को कोई राहत नहीं मिली। धाता, हुसैनगंज सहित कई क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश के बाद लोग उमस से बेहाल हो गए। शहर में सुबह से लेकर शाम तक चिलचिलाती धूप ने जनजीवन को प्रभावित किया।
जनपद में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि सोमवार की तुलना में तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन लोगों को उमस और गर्म हवाओं से निजात नहीं मिली। मौसम वैज्ञानिक डॉ. वसीम खान ने बताया कि बुधवार से मौसम में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। हवा की दिशा में परिवर्तन और बादलों की सक्रियता के चलते जिले में बारिश की संभावना है। आने वाले दिनों में मानसून सक्रिय होगा और बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। ऐसे में तापमान में गिरावट आ सकती है, इससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलेगी। वहींं डॉक्टरों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और उमस से बचने के लिए लोग धूप में निकलते समय छाता या टोपी का प्रयोग करें और पानी का पर्याप्त सेवन करें ताकि शरीर में नमी बनी रहे।