फतेहपुर। चिलचिलाती धूप व उमस ने सोमवार को जनजीवन को बेहाल कर दिया। 24 घंटों में अधिकतम तापमान दो डिग्री गिरकर 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे राहत के बजाय लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
सुबह से ही सूरज की आंख मिचौली और वातावरण में बढ़ती नमी ने उमस को और तीव्र बना दिया। दिन चढ़ने के साथ ही गर्म हवाएं भी चलने लगीं। इससे सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। लोग जरूरी कामों को छोड़ घरों में दुबके नजर आए। गर्मी और उमस से बेहाल लोगों को बिजली की अनियमित आपूर्ति ने और परेशान किया।
कई इलाकों में बार-बार कटौती से पंखे और कूलर भी जवाब देते रहे। बुजुर्ग, बच्चे और बीमार सबसे अधिक प्रभावित हुए। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों ने लोगों को दिन में बाहर निकलने से बचने, हल्का भोजन करने और पानी अधिक मात्रा में पीने की सलाह दी है। वहीं, बाजारों में भी खरीदारों की संख्या घटी है। इससे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञ वसीम खान ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही उमस बनी रहने की संभावना है। हल्की बौछार की संभावना जरूर जताई जा रही है, लेकिन राहत कब मिलेगी, इस पर संशय बरकरार है।