फोटो-14-स्टेशन के बाहर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री। संवाद
फतेहपुर। छठ पूजा पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर उमड़ रही है। हालांकि ट्रेनों की लगातार देरी यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। इस समय रेलवे स्टेशन पर करीब 90 ट्रेनों का ठहराव है।
इनमें कई त्योहार स्पेशल ट्रेनें भी शामिल हैं। अधिकांश ट्रेनें एक से दो घंटे की देरी से पहुंच रही हैं। इससे यात्रियों का समय और धैर्य दोनों की परीक्षा हो रही है।
रविवार को नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस तय समय दोपहर 1:40 के बजाय 2:45 बजे पहुंची। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस 1 घंटे 18 मिनट की देरी से सुबह 6:18 बजे आई। नंदनकानन एक्सप्रेस 7:56 के स्थान पर नौ बजे और महानंदा एक्सप्रेस 12:04 बजे पहुंची। प्रतिदिन करीब 200 से अधिक यात्री पूर्वांचल की ओर जाने के लिए स्टेशन पर पहुंच रहे हैं।
यात्रियों का कहना है कि त्योहार के सीजन में समय पर घर पहुंचना मुश्किल हो गया है। देर से आ रही ट्रेनों के कारण यात्रा असुविधाजनक और थकाऊ बन गई है।
स्टेशन अधीक्षक मणिशंकर मिश्र ने बताया कि त्योहार के कारण ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है। मौसम में बदलाव से संचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बैठने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं।
फोटो-14-स्टेशन के बाहर ट्रेन के इंतजार में बैठे यात्री। संवाद