फोटो-22-वर्मा चौराहा के पास लगा जाम। संवाद
फतेहपुर। शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए ज्वालागंज से राधानगर मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 28 करोड़ रुपये की लागत से सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा है। वर्तमान में यह सड़क सात मीटर चौड़ी है जिसे बढ़ाकर 10 मीटर किया जाएगा। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
50 नंबर पुल के बंद होने के बाद इस मार्ग पर प्रतिदिन तीन से चार हजार वाहनों का आवागमन हो रहा है। इससे जाम की समस्या बढ़ गई है। सड़क चौड़ी होने से ज्वालागंज रोडवेज बस स्टॉप, आईटीआई, वर्मा चौराहा, हरिहरगंज, कलक्ट्ररगंज, रेलवे स्टेशन, देवीगंज और राधानगर क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता एसके गौतम ने बताया कि नउवाबाग से लोधीगंज मार्ग का चौड़ीकरण पहले ही पूरा हो चुका है। अब ज्वालागंज-राधानगर सड़क को तीन मीटर और चौड़ा करने का प्रस्ताव भेजा गया है। जिले की अन्य प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भी प्रस्ताव तैयार हैं।
फोटो-22-वर्मा चौराहा के पास लगा जाम। संवाद