कारगिल युद्ध में शहीद सेना के जवान विजय पाल यादव के 16 वें शहीद दिवस पर विभिन्न संगठनों ने श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर सपा विधायक मदन गोपाल वर्मा ने शहीद के नाम पर विजय गेट बनवाए जाने की घोषणा की। श्रद्धांजलि सभा में किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के न पहुंचने पर भूतपूर्व सैनिकाें ने नाराजगी जताई।
शहीद के गांव झाऊपुर में हुए कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि सपा सुप्रीमो ने रक्षामंत्री रहने के दौरान जवानों को तमाम सुविधाएं मुहैया कराके उनकी हौसलाअफजाई की थी। उन्हाेंने सैनिकों व उनके परिवारों को विशेष सम्मान दिया है। सपा विधायक मदन गोपाल वर्मा ने कहा कि शहीद विजयपाल यादव के नाम से झाऊपुर मार्ग में एक विजय गेट बनाया जाएगा। भूतपूर्व सैनिक कल्याण उत्थान समिति के जिलाध्यक्ष विद्या भूषण त्रिपाठी, महिलाध्यक्षा जागृति तिवारी, ज्ञान सिंह चौहान, रामकेश यादव आदि ने प्रशासनिक अधिकारियों के न पहुंचने व अमौली से कोरियां परास वाया झाऊपुर मार्ग का नामकरण प्रस्ताव के बाद भी शहीद विजयपाल यादव के नाम से न कराने पर नाराजगी जताई। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, अनवर यादव, अजय यादव, रामसागर आदि ने कहा कि शहीद स्मारक का सुंदरीकरण शासन व प्रशासन नहीं करा रहा है।