केंद्रीय खाद्य व प्रसंस्करण मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने किसानों समस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी है। साफ कहा कि लापरवाही पर सजा मिलेगी। केंद्रीय मंत्री बुधवार को सिंचाई बंधु की बैठक को संबोधित कर रही थीं।
विकास भवन के सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चंद्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उन्होंने सिंचाई महकमे पर निशाना साधा। नहर विभाग, नलकूप, लिफ्ट कैनाल के अधिकारियों को किसानों का हमदर्द बनने की हिदायत दी। कहा कि इस समय किसानों को खेती-बाड़ी के लिए पानी की सख्त आवश्यकता है। ऐसे में सिंचाई व्यवस्था में किसी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष ने गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता पर जोर देते हुए संबंधित विभागों के अध्यक्षों को व्यवस्था चुस्त-दुरस्त करने को कहा। बैठक में खागा विधायक ने अधिकारियों को किसानों की समस्याएं नजरदांज करने के आरोप लगाए। प्रगतिशील किसान लोकनाथ पांडेय ने जिले के 13 ब्लाकों में 11 ब्लाक डार्क जोन में होने की बात रखते हुए जल संचयन, जल संरक्षण के लिए अभियान चलाए जाने की बात कही। इस मौके पर नोडल अधिकारी ओपी चौधरी के अलावा सांसद व विधायकों के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।