शाह पुलिस चौकी में सड़क किनारे खड़े मोरंग लदे ओवर लोड ट्रक।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। ओवरलोडिंग के खिलाफ शुक्रवार रात अभियान चलाया गया। इसमें टीमों ने 50 ओवरलोड ट्रकों को सीज किया। इनके अलावा ऑनलाइन चालान भी किए गए।
डीएम अपूर्वा दुबे के निर्देश पर शुक्रवार रात सदर एसडीएम प्रमोद झा, एआरटीओ सुरेंद्र यादव, खनन अधिकारी अजीत पांडेय, सीओ जाफरगंज संजय शर्मा की संयुक्त टीम ने बांदा सीमा से लेकर राधानगर तक अभियान चलाया।
उधर, बिंदकी एसडीएम प्रियंका सिंह और सीओ योगेंद्र मलिक ने बांदा से चौडगरा तक चेकिंग अभियान चलाया। खागा सीओ अंशुमान मिश्रा और यात्री कर अधिकारी जीएन मिश्रा ने खागा हाईवे से धाता तक खनन क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की।
खागा क्षेत्र में मौरंग लदे 7 ओवरलोड वाहनों का ऑनचालान हुआ। बिंदकी और सदर तहसील क्षेत्र में ट्रकों को सीज किया गया। दोनों क्षेत्र में 50 ट्रक सीज किए गए।
इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। बांदा सीमा पर ट्रकों को चालक छोड़कर भाग निकले। टीमों ने दतौली, शाह, बहुआ, मुत्तौर के पास ढाबों पर खड़े ट्रकों को सीज कर दिया।
खनन अधिकारी अजीत पांडेय ने बताया कि 50 ट्रक सीज किए गए हैं। ट्रक जिले और बांदा, एमपी की खदानों के हैं।