अमौली। नोनारा गांव में सोमवार स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मरीज देखने के साथ दवा का छिड़काव कराया। साथ ही घरों के सामने जलभराव मिलने पर ग्रामीणों को सफाई रखने के निर्देश दिए। इस दौरान शिविर में 35 लोगों की जांच कर दवाएं बांटी।
ब्लॉक क्षेत्र नोनारा गांव महीने भर से बड़ी संख्या में लोग संक्रामक और मच्छर जनित बीमारियों की चपेट में हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की सजगता से मरीजों की संख्या में काफी कमी आई है। एहतियातन गांव में लगातार स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगाकर लोगों की जांच कर रही है। सोमवार को सीएचसी के चिकित्सक डॉ शैलेश व सुनील की टीम ने मरीज देखे। इनमें से किसी को जुकाम तो किसी को खांसी आ रही थी। बुखार के इक्का दुक्का रोगी ही सामने आए। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ पुष्कर कटियार ने बताया कि समूचे गांव में दवा का छिड़काव कराया गया है। जिन स्थानों पर जलभराव मिला है, उस पर संबंधित ग्रामीणों को हिदायत भी दी गई है ताकि आगे ऐसी गलती ना कर सके।