थरियांव (फतेहपुर)। हसवा ब्लाक के मटिहा मार्ग पर ससुर खदेरी नदी के ऊपर बना पुल पानी में डूब गया है। पुल से मटिहा, सरंकडी, बगहा, तिवारिन डेरा, पासिन डेरा गांव के लोगों का आवागमन होता है। पुल डूबने से ग्रामीणों की दिक्कत बढ़ गई है। लोग जान जोखिम में डालकर डूबे हुए पुल से आवागमन करते हैं।
ससुर खदेरी नदी में मटिहा गांव के पास रपटा पुल (ढालदार पुल) बना हुआ है। शनिवार को हुई बारिश और नहर का पानी नदी में आने से ससुर खदेरी नदी का पुल डूब गया है। पुल के ऊपर करीब दो फुट पानी भर गया है। पानी का बहाव भी तेज है। इसमें पैदल निकलने वाले लोग किसी तरह से पुल पार कर लेते हैं, लेकिन बाइक सवारों की दिक्कत बढ़ गई है। मटिहा गांव के बुुधराज पासवान ने बताया कि बारिश के मौसम में ससुर खदेरी नदी का रपटा पुल हमेशा डूब जाता है। तहसील, ब्लाक और जिला मुख्यालय जाने में ससुर खदेरी नदी पार करने के लिए यही एक पुल है। बारिश के यहां से निकलने का मतलब है कि जान जोखिम में डालना। बालकृष्ण ने बताया कि ससुर खदेरी नदी में पुल बनवाने के लिए विधायक, सांसद और अधिकारियों से गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई है। बारिश के समय बहुत जरूरी काम पड़ने पर ही गांव से जाते हैं।
हसवा। गांव मटिहा के किनारे से ही ससुर खदेरी नदी बहती है। जो गांव जाने का रास्ता है। नदी में छोटा सा संकरा रास्ता है वह भी बहुत ही नीचे जिससे बरसात के मौसम में पानी का बहाव पुल के ऊपर से होने लगता है। ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत होती है। इस मार्ग से कई गांव जुड़े हैं। सरकंडी, बगहा, मौहारी और कई एक डेरे के ग्रामीण इसी रास्ते से आते-जाते हैं। लोगों को डर बना रहता है कि किसी दिन बड़ा हादसा न हो जाए।