बकेवर (फतेहपुर)। रक्षाबंधन पर्व पर मायके जाने को लेकर पति से विवाद के बाद महिला ने रविवार शाम कमरे में फांसी लगा ली। पत्नी के इस आत्मघाती कदम से आहत होकर युवक ने भी आंगन में पड़े टिनशेड से पत्नी के दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कानपुर सजेती थाना क्षेत्र के इछौली गांव निवासी रजपाल की बेटी प्रांजुला यादव (22) की शादी एक साल पहले बकेवर थाने के बिसरौली गांव निवासी अनुराग यादव (24) के साथ हुई थी। अनुराग दिसंबर में दुबई से लौटा था। मां श्रीमती ने बताया कि रक्षाबंधन पर बहू मायके जाना चाहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। वह रविवार को कानपुर सजेती थानाक्षेत्र में रहने वाली अपनी बहन के घर चली गई थी। घर पर बहु और बेटा ही थे। पड़ोसी परिवार ने छत से रविवार रात अनुराग का शव टिनशेड से लटकता देखा। ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण प्रांजुला को आवाज देने लगे, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। रात करीब नौ पुलिस मौके पर पहुंची। श्रीमती के घर आने के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अनुराग का शव उतराया। अंदर कमरे का दरवाजा बंद था। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़वाया तो प्रांजुला का शव पंखे के कुंडे पर साड़ी के फंदे से लटका हुआ था। थानेदार एके गौतम ने बताया कि दोनों के बीच घरेलू बातों को लेकर विवाद होता रहता था। रक्षाबंधन में भी मायके जाने को लेकर विवाद हुआ। तभी महिला ने पहले फांसी लगाई। उसके बाद पति दरवाजा खुलवाने में असफल हो गया और पत्नी वियोग में जान दे दी।