कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : iStock
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। जिस तादाद से कोविड-19 संक्रमित मिल रहे हैं, उससे स्थित आगे चलकर काफी भयावह बन सकती है। सोमवार को 35 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए। इस तादाद में 19 पुलिसकर्मी शामिल हैं जो पुलिस लाइन, सदर कोतवाली और ललौली थाना के हैं।
अब तक लिए गए 13864 सैंपल में जिला कोरोना सेल को 12363 के नतीजे मिल चुके हैं। सोमवार को 60 नए नतीजे सामने आए, जिसमें 35 केस पॉजिटिव निकले। इनमें राधा नगर के बक्सपुर की तीन महिलाएं, अशोकनगर के दो पुरुष, एसपी आवास के पास सिविल लाइंस की एक महिला व एक पुरुष, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग की दो महिलाएं संक्रमित निकली हैं।
पुलिस लाइन के 14 कार्मिक, सदर कोतवाली के चार कार्मिक और ललौली थाने का एक कार्मिक कोरोना पॉजिटिव हो गया है। इसके अलावा जयरामनगर खखरेरू का एक व्यक्ति, शाहपुर हथगाम के दो व्यक्ति, मलवा के हिरैयाखेड़ा गांव की दो महिलाएं और बिंदकी के महाजनी गली का एक व्यक्ति संक्रमित हुआ है।
डीएम संजीव सिंह ने बताया कि कोरोना के नए केस मिलने के बाद नए कंटेनमेंट जोन बना दिए गए हैं। इन जगहों पर आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। केवल आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति ही संभव हो सकेगी।