चौडगरा/खागा। जिले के नोडल अफसर आईजी प्रयागराज जोन ने रविवार को हाइवे के दो थानों का निरीक्षण किया। थानाध्यक्षों को लंबित मामलों के जल्द खुलासे व हाईवे पर बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। थानों में अभिलेखों का निरीक्षण किया। गुंडो, माफिया, वांछित, टॉपटेन अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई कर शिकंजा कसने का आदेश दिया।
प्रयागराज जोन आईजी कवींद्र प्रताप सिंह, एसपी प्रशांत वर्मा, एएसपी राजेश कुमार के साथ करीब तीन बजे कल्यानपुर थाने का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां करीब एक घंटे तक रुके। थाने के गेट पर कोविड 19 डेस्क का निरीक्षण किया। महिला सिपाही से कोरोना से बचने और बचाव के बारे में पूछताछ की। थाने के कंप्यूटर कक्ष में होने वाले कामों की जानकारी ली। मातहतों को अभिलेखों के रखरखाव के बारे में बताया। थाने के मुंशियाने में दस्तावेजों के रखरखाव की जानकारी ली। मातहतों को थाना परिसर में भ्रमण किया। हरे पेड़ लगाने के निर्देश दिए। साफ सफाई का निरीक्षण किया। थाने में बेतरतीब खड़े वाहनों के सही तरीके खड़ा कराने के निर्देश दिए। आईजी शाम को खागा कोतवाली का निरीक्षण करने पहुंचे। कोतवाल आरके सिंह को हाईवे पर आपराधिक घटनाओं पर तत्काल प्रभाव से रोकथाम के निर्देश दिए। करीब आधे घंटे तक कोतवाली का निरीक्षण चला। पुलिस लाइन में आईजी ने डीएम संजीव सिंह और अभियोजन के साथ बैठक की।