फतेहपुर/औंग। कानपुर सीमा से जुड़ने वाले थाना क्षेत्रों में शनिवार को भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। कानपुर के चौबेपुर थानाक्षेत्र के विकरू गांव में पुलिस कर्मियों की हत्यारोपी और उनके लूटे असलहों की खोज के लिए वाहनों की डिग्गियां खोलवाकर चेक की गईं। अटैची, बैग खुलवाए गए।
कानपुर सीमा पर औंग एसओ बृजेश बहादुर सिंह ने छिवली गांव के पास शनिवार सुबह दस बजे चेकिंग चालू की। वाहन के कागजात चेक किए। चालकों के लाइसेंस और आधार कार्ड देखे गए। उधर, चांदपुर एसओ केशव वर्मा, जहानाबाद एसओ संतोष कुमार शर्मा ने भारी पुलिस के साथ बार्डर पर चेकिंग लगाई। पुलिस वाहनों में बैठे लोगों से भी पूछताछ की। कानपुर से जुड़े लोगों से लंबी पूछताछ की गई। सीओ योगेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि चेकिंग अचानक अलग-अलग समय पर लगाई जाने के निर्देश दिए गए हैं। बैरियर प्वाइंट पर पिकेट ड्यूटी भी लगाई गई है। संदिग्ध वाहन होने पर पिकेट थानेदार को सूचित करें।