फतेहपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने एकडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। 40 पदों के चयन के लिए आठ जुलाई को राजकीय इंटर कालेज में सुबह 11 बजे से 12.30 बजे तक परीक्षा होगी। एआरपी के रिक्त 40 पदों के लिए कुल 64 शिक्षकों ने आवेदन किया था। इनमें जांच के दौरान पांच आवेदक अयोग्य पाए गए। इस तरह से 59 आवेदन सही हैं। जिले में एआरपी के कुल 70 पद हैं। इनमें 30 कार्यरत हैं। पूर्व में हुई चयन परीक्षा में 36 अभ्यर्थी पास हुए थे। इनमें छह ने कार्यभार ग्रहण नहीं किया था। इस तरह से 30 एआरपी ही कार्यरत हैं। बीईओ मुख्यालय राकेश सचान ने बताया कि रिक्त एआरपी के पद भर जाने के बाद जिले की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार होगा। बताया कि सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने के लिए आधारकार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।