खागा। हरदो गांव के पास सड़क किनारे खड़े लकड़ी लदे ट्रैक्टर से टकराने में बाइक सवार बृजभवन (23) की मौत हो गई। उसका जीजा पटेल (22) घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चलाते वक्त बृजभवन ने हेलमेट लगा रखा था। हादसा शुक्रवार रात करीब आठ बजे हुआ।
किशनपुर थाने के सिटकिहापर मजरे सिलमी गांव निवासी बुद्दा का बेटा पटेल बड़े भाई की ससुराल खागा कोतवाली के लाखीपुर गांव आया था। भाई के साले बृजभवन के साथ शुक्रवार रात बाइक से सिटकिहापर जा रहा था। हरदों गांव के पास सड़क के किनारे लकड़ी लदे खड़े ट्रैक्टर से उनकी बाइक टकरा गई। हादसें में साले व बहनोई घायल हो गए। दोनों को सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने बृजभवन को मृत घोषित कर दिया। जबकि पटेल को जिला अस्पताल भेजा है। पुलिस के मुताबिक मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।