बिंदकी (फतेहपुर)। गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों के टोकने पर अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। पत्थरबाजी में पुलिस कर्मी मामूली रूप से चुटहिल हुए। दोनों का सीएचसी में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपियों को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया।
कोतवाली में तैनात सिपाही रवि और बृजेश कुमार गुरुवार रात को गश्त पर निकले थे। वह लोग गश्त करते हुए पुरानी बिंदकी मोहल्ले पहुंचे। सड़क किनारे दो युवक संदिग्ध हालात में बैठे दिखाई दिए। शराब के नशे में थे। पुलिस कर्मियों ने दोनों को पास बुलाने की कोशिश की तो वह भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया तो दोनों ने सिपाहियों पर पथराव कर दिया। पुलिस कर्मियों ने घटना की सूचना कोतवाली में दी। कोतवाली से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
पुलिस ने पुरानी बिंदकी के रहने वाले गुप्ता और छोटू को पकड़ा। घायल पुलिस कर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में थे। दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। उन्हें 14 दिन के लिए जेल भेजा गया है।