फतेहपुर। एक बाइक पर सवार चार लोग मंगलवार दोपहर मौरंग लदे ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक का हैंडल ट्रक से टकराते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, तभी ट्रक महिला को रौंदते हुए निकल गया, पौत्री के एक हाथ पर भी ट्रक चढ़ गया। गिरने से एक महिला चुटहिल हुई है। जबकि हेलमेट लगाने से चालक बाल-बाल बच गया। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला है।
असोथर थाना क्षेत्र के मल्लीपुरवा निवासी रघुबीर की पत्नी सियादुलारी (50) भतीजे हरिशंकर के साथ बाइक से गाजीपुर के सेवरामऊ गांव शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। रास्ते में गाजीपुर के शाखा कैथनपुरवा से बड़ी बहन नैना देवी (55) पत्नी संतलाल के घर पहुंची। यहां से नैना और उसकी पौत्री क्षमा (7) को भी निमंत्रण में जाने को साथ ले लिया। गाजीपुर थाने के टिकरी नहर मार्ग पर बाइक सवारों को मौरंग लदा ट्रक ओवरटेक कर रहा
था, तभी बाइक का हैंडिल ट्रक से टकरा गया। बाइक सवार अनियंत्रित हो गए। नैना देवी और उसकी पौत्री क्षमा ट्रक की ओर गिरे। ट्रक के नीचे आने से नैना देवी की मौके पर मौत हो गई। जबकि बच्ची क्षमा का एक हाथ रौंदता हुआ ट्रक निकल गया। सियादुलारी और हरिशंकर दूसरे ओर गिरे। सियादुलारी चुटहिल हो गईं। बाइक चालक हरिशंकर हेलमेट लगाए था। वह बाल-बाल बच गया। चालक भीड़ को आता देखकर ट्रक छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे एसओ कमलेश पाल ने बताया कि ट्रक को थाने में खड़ा कराया गया है। चालक की तलाश की जा रही है। घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।