फतेहपुर। तेज रफ्तार अनियंत्रित बोलेरो ने सोमवार रात चार वाहनों में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। पति व तीन माह की बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने बोलेरो चालक को जोनिहां चौकी के पास पकड़ लिया। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बाइक चालक के हेलमेट लगाए होने से सिर में गंभीर चोटें नहीं आईं।
कानपुर के चकेरी निवासी राम सजीवन उर्फ शिव सिंह यादव पड़ोसी दिनेश की बोलेरो लेकर जाफरगंज के कटरा नरैचा गांव स्थित ससुराल जा रहे थे। बिंदकी कोतवाली क्षेेत्र के तेंदुली गांव के पास राम सजीवन का बोलेरो से नियंत्रण छूट गया। बोलेरो चालक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। बाइक सवार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव जहानपुर निवासी आमिर (25), पत्नी खुर्शीदा (21) और तीन माह की बच्ची दूर जाकर गिरी। बाइक
सवार बिंदकी में रहने वाले रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायलों को सीएचसी बिंदकी में भर्ती कराया। डॉक्टर ने महिला के सिर में गंभीर चोटें देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने खुर्शीदा को मृत घोषित कर दिया। आमिर और तीन माह की बच्ची का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जोनिहां चौकी इंचार्ज राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि बोलेरो चालक ने औंग, कल्यानपुर और गांधी चौराहे पर भी वाहनों को टक्कर मारी है। तीन जगह दुर्घटनाओं में लोग बाल-बाल बच गए। बाइक सवार परिवार सहित चपेट में आ गया। बोलेरो चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।