संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। बिंदकी कस्बे के एक मोहल्ले में विदाई के समय दुल्हन गश खाकर गिर गई। इसके बाद वर पक्ष ने दूल्हन को विदा कराने से मना कर दिया। सोमवार को दोनों पक्षों में बातचीत चल रही है, लेकिन अभी तक मामले का निस्तारण नहीं हो पाया है।
कस्बे में रविवार की शाम गैरजनपद से बरात आई थी। बरात की आवभगत के साथ सभी रस्मेेें अदा कराई गईं। रात में फेरे हुए। सुबह विदाई के समय गश खाकर वधू गिर पड़ी। इस पर वर पक्ष ने वधू का विदा करने से मना कर दिया। वधू के पिता ने बताया कि बेटी ने तीन दिन से कुछ खाया नहीं है। पूरी रात जागरण के कारण वह गश खाकर गिरी है। उसे कोई बीमारी नहीं है, लेकिन वर पक्ष एक भी मानने को तैयार नहीं हुआ। इस बात को लेकर दोनों पक्षों की पंचायत चल रही है, लेकिन अभी तक निराकरण नहीं हो पाया है। बिंदकी कोतवाली प्रभारी नंदलाल सिंह ने बताया कि ऐसे किसी मामले की जानकारी नहीं है।