जहानाबाद (फतेहपुर)। थानाक्षेत्र में मंगलवार रात नशेड़ी पिता ने पांच साल के इकलौते बेटे की बेल्ट से पीट कर हत्या कर दी। घटना से क्षुब्ध होकर उसके बाद खुद जहर खा लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना जहानाबाद थाना क्षेत्र घनश्यामपुर गांव में हुई।
पुलिस के मुताबिक गांव निवासी रामबहादुर (32) नशे का लती है। वह अक्सर पत्नी राधा और बच्चे आयुष उत्तम को मारता-पीटता था। मंगलवार रात को वह नशे धुत होकर घर पहुंचा। तभी उसका पत्नी से किसी बात पर झगड़ा होने लगा। कहासुनी के दौरान बेटा मां से लिपट गया। तभी रामबहादुर बेटे को खींचकर कमरे में ले गया और बेल्ट से पीटने लगे। मासूम के रोने चीखने की आवाज सुनकर परिजन उसे बचाने पहुंचे। पिटाई से मासूम बेदम हो चुका था। परिजन उसे अस्पताल ले जाने जा रहे थे, लेकिन उसके पहले ही मासूम की सांसें थम गई। यह देखकर रामबहादुर ने जहर खा लिया। पुलिस की पूछताछ मेें परिजनों ने बच्चे के गले में बेल्ट का फंदा होना बताया। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीण रामबहादुर को सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखकर जिला अस्पताल को रेफर कर दिया।
रामबहादुर के पिता सर्वेश उत्तम ने बताया बेटा नशे का आदी है। बेटे की हरकतों से तंग आकर वह कई साल से नलकूप में रहकर जीवन यापन करते हैं। घटना की जानकारी पाकर घर पहुंचे। राम बहादुर बेहोशी की हालत पर पड़ा था। पौत्र का शव कमरे में पड़ा था। उन्होंने बताया कि उनका पौत्र आयुष कानपुर के एक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ता था। मासूम की मौत से मां राधा देवी रो-रो कर बेहाल है। राम बहादुर की शादी कानपुर नगर के नरवल तहसील क्षेत्र के प्रेमपुर में लगभग सात साल पहले हुई थी। थानेदार संतोष शर्मा ने बताया कि आरोपी राम बहादुर गुस्सैल प्रवृत्ति का है। वह अक्सर परिजनों से मारपीट करता रहता है। उसके खिलाफ सर्वेश उत्तम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। बच्चे के गले में प्रारंभिक जांच में चोट का निशान नहीं दिखा है। जिससे बेल्ट की लोहे के हिस्से से सिर में चोट आने से मौत प्रतीत हो रही है। घटना की छानबीन की जा रही है।