फतेहपुर। बांदा-टांडा हाईवे पर रविवार रात करीब साढ़े 12 बजे दो ट्रकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक के खलासी और दूसरे ट्रक के चालक की मौत हो गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रकों में फंसे शवों को बाहर निकाला जा सका। मार्ग पर यातायात भी बाधित हुआ।
हादसा हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सात मील के पास हुआ। लखनऊ गोसाईगंज रहमत नगर निवासी चंद्रदीप गुप्ता का बेटा विपिन (21) ट्रक में खलासी था। वह ट्रक चलाना सीखा करता था। ट्रक लखनऊ से मौरंग लोड करने बांदा जा रहा था। ट्रक में मालिक अखिलेश (22) निवासी करीम नगर लखनऊ व चालक था। दूसरा ट्रक कबरई से गिट्टी लादकर लखनऊ की ओर जा रहा था। रामनिरंजन यादव (60) निवासी सोमही गौर थाना जिला बस्ती ट्रक चला रहा था। ट्रकों की सातमील के पास सीधी भिड़ंत हुई। गिट्टी लदा ट्रक खेत में पलट गया। पुलिस ने अंदाजा लगाया कि, हादसा बचाने की कोशिश में ट्रक पलटा है। ट्रकों क्षतिग्रस्त होने से विपिन और रामनिरंजन के शव फंस गए थे। पुलिस ने गैस कटर से ट्रक का केबिन कटवाया। उसके बाद शवों को बाहर निकाला जा सका। जिला अस्पताल घायल ट्रक मालिक को लखनऊ रेफर हुए हैं। थानेदार निशिकांत राय ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।