असोथर(फतेहपुर)। दोस्त की ससुराल आए बाइक सवार युवक की सोमवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खखरेरू थाने के परवेजपुर गांव निवासी देवी निषाद का बेटा रंजीत(40) दोस्त रामआसरे यादव के साथ उसकी ससुराल असोथर थाने के सरकंडी बदलेवा डेरा गांव आया था। वे दोपहर को बैंक जा रहे थे। रंजीत बाइक चला रहा था और रामआसरे पीछे बैठा था। रामआसरे की पत्नी शशि अपने भाई फूल सिंह के साथ दूसरी बाइक पर थी। मटिहा गांव के पास बाइक अनियंत्रित हो गई। रंजीत की बाइक पोल से टकरा गई। बाइक सवार सड़क पर गिर गए। सिर में चोट आने से रंजीत की मौके पर मौत हो गई। उसने हेलमेट नहीं लगाया था। वहीं रामआसरे घायल हुआ। एसओ हेमराज सरोज ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।
चेकिंग देख भागा बाइक सवार जीप से भिड़ा
चौडगरा। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के बक्सर मोड़ के पास सोमवार को पुलिस की चेकिंग से बचने की कोशिश में बाइक सवार जीप से टकरा गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कल्यानपुर थाने के एसआई उदयभान सिंह चेकिंग कर रहे थे। यादगारपुर गांव निवासी ओमप्रकाश चेकिंग देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया। तो वह जीप से टकरा गया। एसआई ने बताया कि बाइक बारिश के चलते फिसल गई थी।