फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज पुलिस चौकी के पास रविवार रात कार सवार मौरंग कारोबारी पर बाइक सवारों ने हमला कर दिया। पत्थरबाजी से कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। इलाके में अफरातफरी फैल गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर हमलावर की तलाश में जुटी है।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के केवई निवासी सूर्या सिंह मौरंग कारोबारी है। वह कार चालक के साथ शाम को शहर की ओर आ रहे थे। हरिहरगंज पुलिस चौकी के पास दो बाइकों में सवार पांच से छह लोग पहुंचे। उन लोगों ने कार पर लाठी-डंडे से हमला किया। घटना देख आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पीड़ित कारोबारी ने साजिशन हमले का आरोप लगाया है। मौके पर कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव और चौकी इंचार्ज विजय त्रिवेदी जांच को पहुंचे। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में लोग हमला करते हुए दिखे। चौकी इंचार्ज ने बताया पीड़ित पक्ष से तहरीर मांगी गई है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।