हसवा। खाड़ी देश से बेटे का शव लाने के लिए पिता पांच दिन से भटक रहा है। पिता ने मालिक पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। कस्बे के चक कोर्रा सादात गांव का मजरा अहिरन का पुरवा के डाककर्मी सुखराम का बेटा संदीप 29 जनवरी को खाड़ी देश गया था। पिता ने बताया कि शहर के एजेंट मुनव्वर ने बेटे को ड्राइवर का वीजा दिया था। लेकिन वहां उसे बकरी चराने का काम दिया गया।
पिता सुखराम ने बताया कि बकरी नहीं चराने पर मालिक बहुत मारता-पीटता था। बेटा मालिक का उत्पीड़न सहता रहा। बेटा रो रोकर वीडियो काल करके घर वालों को बातें बताता रहा। चार दिन पहले बेटा के मौत की खबर वहां पर रहने वाले रिश्तेदारों ने दी। सउदी के रियाद शहर में असोथर के रहने वाले रिश्तेदारों ने बताया कि सउदी पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, लेकिन अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नही मिली है। पिता सुखराम ने बताया कि बेटा सउदी अरब के रियाद शहर के गांव जगयिता, पोस्ट बगा जिला हैल में नौकरी करता था। पीड़ित थरियांव थाने गया लेकिन मदद नही मिली। सुखराम ने बताया कि बेटा बताता था कि उसका मालिक बकरी का जूठा पानी पीने को देता था। एक किलो आटा देकर बीस बीस दिन खाना नही देता था। मालिक का उत्पीड़न सह सहकर वह रोज रोकर सब कुछ घर में बताता था। लाकडाउन की वजह से बेटा घर नही आ सका।