फतेहपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के चतुरी का पुरवा इलाके में जन्मदिन के मौके पर लाइसेंसी पिस्टल हर्ष फायरिंग की गई। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पटेल नगर इलाके के चतुरी का पुरवा में शीतल मौर्य के घर पर जन्मदिन उत्सव मनाया जा रहा था। अचानक फायरिंग से इलाके के लोगों में हड़कंप मच गया। 112 नंबर की सूचना पर कचहरी चौकी इंचार्ज प्रवीण कुमार दुबे फोर्स के साथ पहुंचे। जहां काफी भीड़ इकट्ठा थी। लोग मास्क नहीं लगाए थे। सामाजिक दूरी का भी पालन नहीं किया जा रहा था। मौके पर पुलिस को जांच में पता चला कि शहर कोतवाली क्षेत्र के गाजीपुर बस स्टाप के निवासी रामेंद्र प्रताप सिंह ने लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की और असलहे का दुरुपयोग किया है। चौकी इंचार्ज ने बताया मामले में उनकी ओर से आरोपी रामेंद्र के खिलाफ शस्त्र के दुरुपयोग की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही लाकडाउन उल्लंघन की भी कार्रवाई की गई है।