फतेहपुर। प्रवासियों के आने के साथ जिले में कोरोना का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को दो और संक्रमित मिलने के साथ संख्या बढ़कर 62 तक पहुंच गई। इनमें से एक संक्रमित शहर के ज्वालागंज का रहने वाला है। शहर में पहला संक्रमित मिलने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इलाके में करीब दो सौ मीटर दायरे को कंटेंटमेंट एरिया में तब्दील कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर में अलर्ट जारी किया है। अमर उजाला ने चार केसों का खुलासा गुरुवार को ही कर दिया था।
शहर के ज्वालागंज का रहने वाला युवक एक जून को केरल से वापस आया था। इसी तारीख को हथगाम पीएचसी के तेहीपारा का युवक दिल्ली से लौटा। हुसैनगंज सीएचसी के मकनपुर गांव का युवक मुंबई लौटा। इसी प्रकार थरियांव सीएचसी के देहुली गांव का युवक अभी मुंबई से लौटा। दो जून को बहुआ पीएचसी के दूल्हापुर गांव का एक युवक दिल्ली से वापस आया। जबकि चौबीस मई को तेलियानी पीएचसी के सूपा गांव का युवक पुणे से लौटा। इनमें कोरोना के लक्षण दिखने पर इन सभी के दो जून को ही सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इसमें से सभी की रिपोर्ट धनात्मक आई। चौबीस घंटे के अंदर छह नए मामले आने पर इन सभी जगहों को कंटेंटमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है । इलाके को सैनिटाइज करने के साथ ही पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है ताकि सोशल डिस्टेंस के साथ कंटेंटमेंट एरिया की बेहतर तरीके से निगरानी की जा सके । इस तरह से देखा जाए तो अब तक जिले में कोरोना संक्रमित 62 मरीज सामने आ चुके हैं।
शहर में कोरोना संक्रमण का यह पहला केस सामने आया है। घनी आबादी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी है। पूरी चौकसी बरती जा रही है । जनता को चाहिए कि अनलॉक वन का गलत फायदा ना उठाएं । फिर से स्पष्ट कर देना जरूरी है कि हाल फिलहाल सामाजिक दूरी ही इस संक्रमण से बचाव का एकमात्र जरिया है। डॉक्टर अब्दुल्ला, जिला महामारी विज्ञानी
एसपी ने व्यापारियों के साथ की बैठक
गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने गाजीपुर कस्बे में व्यापारियों के साथ बैठक कर कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी देते हुए बताया कि मास्क लगाना अनिवार्य है और न लगाने पर जुर्माना होगा। उन्होंने व्यापारियों से सामाजिक दूरी बनाकर रखने के लिए अपील की। उन्होंने दुकानों सैनिटाइजेशन के निर्देश दिए। संवाद
........
कोरोना मीटर
कुल किए गए सैंपल - 2318
कुल प्राप्त रिपोर्ट - 1989
प्राप्त कुल रिपोर्ट - 35
कुल पाजिटिव केसों की संख्या - 62
शुक्रवार को पाजिटिव केस की संख्या - 2
अब तक ठीक हुए मरीजों की संख्या - 35