बिंदकी। पूर्व शिक्षा मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक के करीबी के घर हुई चोरी के मामले में सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल पहुंचे। उन्होंने दो दिन पहले हुई चोरी की जानकारी गृहस्वामी से ली। भरोसा दिया कि जल्द चोरी की घटना का खुलासा होगा।
बता दें कि दो दिन पहले नगर के कुंवरपुर रोड स्थित मोहल्ला आजाद नगर में पूर्व शिक्षा मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक के प्रतिनिधि और एलआईसी अभिकर्ता उपेंद्र सिंह गौतम के घर चोरी हुई थी। रात को चोरों ने 60 हजार रुपये, सोने, चांदी के जेवर समेत करीब 30 लाख की चोरी की थी। चोरी की घटना को लेकर पूर्व शिक्षा मंत्री अमरजीत सिंह जनसेवक ने पुलिस के बड़े अधिकारियों से बात कर जल्द खुलासे की बात कही थी। इसी मामले
को लेकर सोमवार को उपेंद्र सिंह गौतम के घर इलेक्ट्रॉनिक सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल पहुंचे। उन्होंने देर तक उपेंद्र सिंह गौतम से बातचीत कर चोरी की घटना की पूरी जानकारी ली। राज्यमंत्री ने मौजूद पुलिस से भी कहा कि इस चोरी की बड़ी घटना के बारे में गहनता से जांच करें और जल्द खुलासा करने का प्रयास करें। चोरों की गिरफ्तारी होनी चाहिए।